रोहतास में धान अधिप्राप्ति व पराली प्रबंधन की समीक्षा, किसानों को 48 घंटे में भुगतान के निर्देश
रोहतास: खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत धान अधिप्राप्ति और पराली प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी रोहतास की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में धान खरीद की प्रगति, किसानों के भुगतान और सहकारी समितियों की भूमिका की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लघु एवं सीमांत किसानों से अधिक से अधिक धान की अधिप्राप्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही औसत क्रय की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया।
Also read | डीएम रोहतास का जनता दरबार: 10 नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसानों को धान खरीद के 48 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रखंड में भुगतान की स्थिति 95 प्रतिशत से कम न रहे, इसका सतत अनुश्रवण करने का निर्देश सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को दिया गया। विशेष रूप से राजपुर प्रखंड में भुगतान प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सासाराम-भभुआ सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक को निर्देशित किया कि जिन समितियों का 10 प्रतिशत कैश क्रेडिट समाप्त हो चुका है, उन्हें 60 प्रतिशत तक कैश क्रेडिट ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। वहीं, रूट ऑप्टिमाइजेशन के आधार पर समितियों को राइस मिलों से जोड़ने के संबंध में विभाग को पुनः स्मार पत्र भेजने का निर्देश जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिया गया।
Also read | भूकंप सुरक्षा पखवाड़ा: रोहतास में आपदा चेतना रथ रवाना
बैठक में राइस मिलों को सीएमआर आपूर्ति में आ रही समस्याओं पर भी चर्चा हुई। FRK की कमी के कारण आपूर्ति बाधित होने की जानकारी देते हुए इस संबंध में राज्य खाद्य निगम, बिहार को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। जिला प्रशासन ने किसानों के हित में धान अधिप्राप्ति व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Report By : Brajesh Kumar Gaurav
