रोहतास | नोखा
संपूर्ण महिला साक्षरता अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से नोखा प्रखंड कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) सुश्री शेफाली ने की। बैठक में प्रखंड के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।
बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 14 से 60 वर्ष आयु वर्ग की अशिक्षित महिलाओं को साक्षर बनाना है। इस अभियान के अंतर्गत नोखा प्रखंड की सभी 13 पंचायतों से लगभग 2800 अशिक्षित महिलाओं की पहचान की गई है।
महिलाओं को साक्षर बनाने के लिए प्रखंड स्तर पर कुल 113 साक्षरता केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर शिक्षण कार्य के लिए तालीमी मरकज, टोला सेवक के साथ-साथ कुछ शिक्षक एवं कक्षा 7, 8 और 9 के विद्यार्थियों को स्वैच्छिक रूप से वालंटियर के रूप में लगाया गया है।
प्रखंड के बराव, खैरही सहित कई पंचायतों में साक्षरता केंद्रों पर पठन-पाठन कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि शेष पंचायतों एवं केंद्रों पर 27 जनवरी से नियमित रूप से शिक्षण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने पंचायतों एवं गांवों में महिला साक्षरता अभियान की जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित करें, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इस अभियान से जुड़ सकें।
इस बैठक में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुमन कु. श्रीवास्तव, प्रमुख अरविंद कुमार, उप-प्रमुख प्रतिनिधि राकेश कुमार, मुखिया दयानंद सिंह, चितरंजन तिवारी, तृप्ति मुखिया, बबलू गुप्ता, राकेश चौधरी सहित पंचायत समिति सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Report By- Ajay Bhatt
