रोहतास, सासाराम | 25 जनवरी 2026
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, रोहतास के निर्देशानुसार मल्टीपर्पस हॉल, सासाराम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना एवं नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों ने सभी नागरिकों को राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि लोकतांत्रिक देश में लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने बताया कि 25 जनवरी 1950 को भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना हुई थी, जिसके उपलक्ष्य में वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जा रहा है।
अधिकारियों ने योग्य नागरिकों से अपील की कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़वाएं और मतदान के समय निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव लोकतंत्र की आत्मा है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई, जिसमें लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, किसी भी प्रकार के प्रलोभन से मुक्त रहकर मतदान करने तथा निष्पक्ष निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के अंत में निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों, बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Report By- Brajesh Kumar Gaurav

