रोहतास, सासाराम | 24 जनवरी 2026
राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, रोहतास (सासाराम) द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत राजकीय कृत मध्य विद्यालय, फजलगंज सासाराम में पेंटिंग प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता, जागरूकता कार्यक्रम एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला मिशन समन्वयक डॉ. फरहत दुर्रानी एवं वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक आफरीन तरनुम द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को बालिकाओं के महत्व, समान अधिकार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (DHEW) सहित महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र की वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ कुमारी मेघा द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, सही निर्णय लेने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में छात्राओं के साथ पौधारोपण किया गया तथा सभी बालिकाओं को 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर डॉ. फरहत दुर्रानी ने छात्राओं को बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया।
पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगो युक्त स्कूल बैग एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को अल्पाहार भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शिक्षित एवं सशक्त बेटी ही सशक्त समाज और राष्ट्र की मजबूत नींव है।
Report- Brajesh Kumar Gaurav


