नोखा थाना परिसर में सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित
नोखा।
सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आज नोखा थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुश्री शेफाली ने की।
बैठक में बीडीओ ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही किसी भी प्रकार के सांस्कृतिक या अन्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति कोई कार्यक्रम आयोजित करने पर संबंधित समिति के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
प्रखंड के सभी पूजा समितियों को निर्देश दिया गया कि 24 एवं 25 तारीख को मूर्ति विसर्जन शांतिपूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा पूजा एवं विसर्जन के दौरान अश्लील गानों के प्रयोग से सख्त परहेज करने को कहा गया।
बैठक में उपस्थित प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी पूजा समितियों से आपसी सहयोग, भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर बीडीओ सुश्री शेफाली, छोटा बाबू नवीन कुमार, थाना प्रभारी शिशिरिता, उपसभापति धनजी सिंह, अनिल कुमार हिन्दू, बृज बिहारी प्रसाद गुप्ता, विनोद गुप्ता सहित प्रखंड क्षेत्र के सभी ग्राम पूजा समिति के सदस्य, निजी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
Report By: Ajay Bhatt
