रोहतास: लोक शिकायत निवारण में जिला पदाधिकारी की बड़ी कार्रवाई, 26 मामलों का हुआ निस्तारण
रोहतास जिले में लोक शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में जिला पदाधिकारी, रोहतास द्वारा शनिवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। समाहरणालय में आयोजित सुनवाई के दौरान लोक शिकायत निवारण अधिनियम के अंतर्गत द्वितीय अपील से जुड़े 51 मामलों तथा सेवा शिकायत निवारण के अंतर्गत 1 प्रथम अपील आवेदन पर सुनवाई की गई, जिसमें कुल 26 मामलों का निष्पादन किया गया।
सुनवाई के दौरान विभिन्न लोक प्राधिकार एवं सेवा प्राधिकार उपस्थित रहे। इनमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सासाराम-1, निदेशक डीआरडीए रोहतास, जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज एवं सासाराम, अवर निर्वाचन पदाधिकारी डिहरी, भूमि सुधार उप समाहर्ता बिक्रमगंज सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। वहीं, जिला परिषद रोहतास के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उप समाहर्ता सासाराम अन्य कारणों से उपस्थित नहीं हो सके, जिसके चलते उनसे संबंधित मामलों की सुनवाई नहीं की जा सकी।
Also read | रोहतास जनता दरबार 2026: डीएम ने सुनी 92 फरियाद, कई मामलों का त्वरित समाधान
लोक प्राधिकारों द्वारा समर्पित अनुपालन प्रतिवेदन के आलोक में जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित पक्षों की समस्याएं विस्तार से सुनीं और संबंधित मामलों पर निर्णय लिया। इस दौरान अंजनी कुमार, विश्वमोहन प्रसाद, बसंत चौधरी, आदित्य कुमार, रामायण सिंह, नितीश कुमार सहित कुल 26 आवेदकों की शिकायतों का समाधान किया गया।
शेष मामलों में संबंधित लोक प्राधिकारों को निर्देश दिया गया कि वे अगली निर्धारित तिथि पर अनुपालन प्रतिवेदन के साथ उपस्थित हों। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
