रोहतास में जिला जनता दरबार का आयोजन, 92 मामलों की हुई सुनवाई
रोहतास जिले में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में आज दिनांक 02 जनवरी 2026 को जिला पदाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभाकक्ष में जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 92 फरियादी अपनी समस्याएं लेकर उपस्थित हुए।
जनता दरबार में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला विकास पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचलाधिकारी एवं जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।
फरियादियों को विभागवार पंक्तियों में बैठाकर एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला पदाधिकारी महोदया ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में जनता दरबार के दौरान ही समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई।
Also read | Road Safety Month 2026: रोहतास में ध्वनि रथ को डीएम ने दिखाई हरी झंडी
जनता दरबार के दौरान जिन मामलों पर लोक शिकायत निवारण अधिनियम (PGRO) के तहत सुनवाई योग्य पाया गया, उन्हें संबंधित लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों — सासाराम, बिक्रमगंज एवं डिहरी — को तत्काल हस्तगत कराया गया। सभी आवेदनों को ऑनलाइन पंजीकृत कराया गया ताकि आवेदक अपने मामलों की अद्यतन स्थिति देख सकें।
विशेष मामलों में
-
कामता सिंह (संझौली) के दाखिल-खारिज आवेदन को अंचलाधिकारी संझौली को भेजा गया।
-
गीता देवी (डिहरी) के बाल संरक्षण इकाई से संबंधित मामले को जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) को अग्रसारित किया गया।
-
असलम अंसारी के भूमि विवाद मामले को अनुमंडल पदाधिकारी सासाराम को सौंपा गया।
-
शांता रानी (ANM, काराकाट) के स्थानांतरण आवेदन को सिविल सर्जन रोहतास को भेजा गया।
-
अंजनी कुमार गुप्ता के भूमि दखल मामले में एसडीओ एवं एसडीपीओ डिहरी को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय और प्रशासन से सीधा संवाद उपलब्ध कराना है। आगे भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे।
Report By: Brajesh Kumar Guarav
