सासाराम (रोहतास), 28 जनवरी 2026:
Pragati Yatra Bihar : माननीय मुख्यमंत्री बिहार श्री नीतीश कुमार द्वारा घोषित प्रगति यात्रा कार्यक्रम के तहत रोहतास जिले में संचालित, प्रस्तावित एवं प्रक्रियाधीन विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आज जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन के सभी वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक पथ निर्माण योजना की समीक्षा की गई, जिसकी अनुमानित लागत ₹66.89 करोड़ है। यह परियोजना जिले के पर्यटन और ऐतिहासिक विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जिलाधिकारी ने इसे प्रगति यात्रा की प्राथमिक परियोजना बताते हुए वन विभाग को शीघ्र आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का निर्देश दिया।
डेहरी–तेतराढ़–राजपुर पथ के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को समय-सीमा के अनुरूप प्रगति पर बताया गया। वहीं आयरकोठा–अकोढ़ीगोला–अमरा तालाब पथ (भाग-A) का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। अकोढ़ीगोला बाईपास पथ निर्माण योजना (₹88.78 करोड़) पर भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया जारी है, जिसके लिए अधिसूचना जारी की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने भू-अर्जन प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
बैठक में जानकारी दी गई कि नोखा–नासरीगंज पथ पर बक्सर मुख्य नहर पर उच्चस्तरीय आरसीसी पुल का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। कोचस में नए बस स्टैंड का निर्माण भी प्रगति पर है।
कुदरा–चेनारी–मल्हीपुर पथ पर वन विभाग से NOC लंबित रहने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर निकाय क्षेत्र से कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त पुरानी जीटी रोड, बेदा–बभनपुरा–एनएच-19 पथ, आयरकोठा–अमरातालाब टू-लेन पथ, कोचस बाईपास, डेहरी–बिक्रमगंज–दिनारा पथ समेत कई अन्य सड़क एवं नाला निर्माण योजनाओं की समीक्षा की गई, जो प्रगति पर पाई गईं।
पर्यटन विकास के अंतर्गत इंद्रपुरी जलाशय के समीप पर्यटन हाट तथा संझौली प्रखंड के वाजितपुर में कांव नदी पर पुल निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
औद्योगिक विकास की दिशा में ₹6.50 करोड़ की लागत से प्रस्तावित डेहरी औद्योगिक क्षेत्र विकास योजना पर चर्चा की गई। सामाजिक प्रभाव आकलन से संबंधित प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है।
इसके अलावा जिले के विभिन्न प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन एवं आवासीय परिसरों के निर्माण की समीक्षा की गई। एजेंसी चयन के बाद मोबिलाइजेशन कार्य प्रारंभ हो चुका है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रगति यात्रा राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है और सभी विकास योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Report By- Brajesh Kumar Gaurav


