रोहतास, सासाराम | दिनांक: 28.01.2026
महिला एवं बाल विकास निगम, रोहतास (सासाराम) द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक विशेष सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, खुरमाबाद (प्रखंड–चेनारी, जिला–रोहतास) में किया गया।
![]() |
| beti-bachao-beti-padhao-sakhi-varta-rohtas.jpg |
कार्यक्रम का नेतृत्व जिला परियोजना प्रबंधक मोहम्मद शमीम अंसारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को बालिकाओं एवं बेटियों के महत्व, समान अधिकार, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, जिला महिला सशक्तिकरण केंद्र (DHEW) सहित महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन DHEW की वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ कुमारी मेघा द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने, सही निर्णय लेने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपस्थित जिला मिशन समन्वयक डॉ. फरहत दुर्रानी ने सभी छात्राओं को बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता देने एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि “शिक्षित और सशक्त बेटी ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र की मजबूत नींव है।”
सखी वार्ता कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं एवं महिलाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी छात्राओं के बीच बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगो युक्त डायरी एवं अल्पाहार का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित सभी शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।


