नोखा | रोहतास
नोखा थाना क्षेत्र अंतर्गत जक्खिनी नहर पुल के पास नहर से एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मौडीहां गांव निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र रमाकांत राम के रूप में की गई है।
शव मिलने की सूचना पर नोखा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को सासाराम सदर अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार ने बताया कि मृतक के पिता के अनुसार रमाकांत राम शनिवार को घर से काम पर निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों द्वारा उसकी तलाश की गई, परंतु कोई जानकारी नहीं मिल सकी। रविवार को इस संबंध में नोखा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सोमवार को करीब 3 बजे जक्खिनी नहर पुल के समीप नहर में शव मिलने की सूचना मिली। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि युवक की मौत पानी में डूबने के कारण हुई है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।
