रोहतास | दिनारा
रोहतास जिला फुटबॉल संघ के उप सचिव राहुल सिंह एवं अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने दिनारा विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक आलोक सिंह से मुलाकात कर बिहार फुटबॉल संघ से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों की जानकारी दी। उन्होंने बिहार फुटबॉल संघ के सचिव इम्तियाज हुसैन पर वर्ष 2011 से पद पर बने रहने तथा वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि हर वर्ष लगभग 80 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ 20 लाख रुपये तक के गबन के आरोप लगाए जा रहे हैं। साथ ही राइट टू इनफार्मेशन (RTI) के तहत खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा यह जानकारी दी गई है कि 48 लाख रुपये बिहार फुटबॉल संघ के खाते में इम्तियाज हुसैन के नाम से दिए गए हैं, लेकिन इस राशि को लेकर अब तक कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।
रोहतास जिला फुटबॉल संघ ने विधायक से आग्रह किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बिहार सरकार द्वारा एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया जाए तथा इस विषय को विधानसभा के शून्य काल में उठाया जाए।
इस पर विधायक आलोक सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द से जल्द उचित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय को आए छह महीने से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि नियमों के अनुसार कोई भी व्यक्ति अधिकतम आठ वर्ष तक ही सचिव या अध्यक्ष पद पर रह सकता है।
आलोक सिंह ने यह भी कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं सांसद श्रेयसी सिंह से मुलाकात कर इस मुद्दे को उठाएंगे और विधानसभा के शून्य काल में भी इस पर प्रश्न रखेंगे, ताकि खेल संस्थाओं को कथित रूप से पैतृक संपत्ति बनाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जा सके।
