रामगढ़ | कैमूर
कैमूर जिला शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री पिंटू कुमार यादव से शिष्टाचार भेंट कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अनुदेशकों ने अपनी सेवा शर्तों, वेतन एवं पदोन्नति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
अनुदेशकों की मुख्य मांगों में उन्हें पूर्णकालिक किया जाना, सक्षमता परीक्षा आयोजित कर पदोन्नति का अवसर प्रदान करना तथा समान कार्य के बदले समान वेतन सुनिश्चित करना शामिल है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सभी शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक वर्ष 2019 में 19 दिसंबर को आयोजित परीक्षा में उत्तीर्ण होकर वर्ष 2022 में पदस्थापित हुए थे। उनका कार्यकाल 60 वर्ष तक निर्धारित है, बावजूद इसके वे वर्तमान में अंशकालिक रूप से कार्यरत हैं। पूरे बिहार में लगभग 2000 अनुदेशक कार्यरत हैं।
संघ ने यह भी बताया कि अपर मुख्य सचिव के.के. पाठक के कार्यकाल में अनुदेशकों के वेतन को 8000 रुपये से बढ़ाकर 31800 रुपये करने की अनुशंसा की गई थी, लेकिन अब तक इसका लाभ उन्हें नहीं मिल सका है।
अनुदेशकों ने बताया कि वे विद्यालयों में प्रार्थना सभा एवं चेतना सत्र के अलावा मशाल, दक्ष एवं तरंग खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन, बूथ लेवल पदाधिकारी, जातीय एवं सामान्य जनगणना, पैक्स चुनाव, विधानसभा चुनाव तथा लोकसभा चुनाव जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों में भी योगदान दे रहे हैं। इसके साथ ही उनसे विद्यालयों में अन्य विषय पढ़ाने एवं पूर्ण घंटी तक कार्य लेने जैसे अतिरिक्त दायित्व भी निभवाए जा रहे हैं।
यह शिष्टाचार भेंट रामगढ़ प्रखंड के दीपक रावत की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष कुलदीप सिंह, सचिव जिरान अंसारी, सोनू सिंह यादव, संजय कुमार, विमलेश सिंह, संदीप तिवारी, राहुल सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि विधायक श्री पिंटू कुमार यादव स्वयं पूर्व शारीरिक शिक्षक रह चुके हैं तथा उन्होंने बैचलर एवं मास्टर ऑफ फिजिकल एजुकेशन की पढ़ाई की है। उन्होंने अनुदेशकों को आश्वासन दिया कि आगामी बजट सत्र में विधानसभा में इस विषय को उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इतनी कम वेतन में अनुदेशकों के जीवन-यापन की स्थिति पर गंभीरता से विचार किया जाएगा तथा वेतन वृद्धि, पूर्णकालिक नियुक्ति एवं सक्षमता परीक्षा आयोजित कराने की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।
Report By - Brajesh Kumar Gaurav
