Bihar ANM Recruitment: बिहार में 5006 एएनएम की तैनाती जल्द, सरकारी अस्पतालों को मिलेगी बड़ी राहत
बिहार के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र को इस महीने बड़ी मजबूती मिलने वाली है। राज्य स्वास्थ्य विभाग ने करीब 5006 एएनएम (सहायक नर्स दाई) की नियुक्ति की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है। यह नियुक्तियां संविदा के आधार पर की जा रही हैं और जल्द ही चयनित अभ्यर्थियों की सूची जारी होने की संभावना है। इसके बाद तैनाती की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी जाएगी।
यह भर्ती प्रक्रिया राज्य स्वास्थ्य समिति के तहत संचालित की गई थी। राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। परीक्षा के बाद उत्तर कुंजी (Answer Key) ऑनलाइन जारी की गई, जिस पर अभ्यर्थियों से आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। 28 दिसंबर को आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद अब विभाग आपत्तियों के निराकरण में जुटा हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, आपत्तियों के निष्पादन के तुरंत बाद अंतिम मेरिट लिस्ट प्रकाशित की जाएगी। चयनित एएनएम को जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में तैनात किया जाएगा। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।
नई एएनएम की बहाली से प्रसव सेवाओं, टीकाकरण, पोषण, परिवार नियोजन और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है। लंबे समय से स्टाफ की कमी से जूझ रहे स्वास्थ्य केंद्रों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
Also read | Magha Mela 2026: गया रेलवे स्टेशन पर RPF-GRP का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग 220 ऑप्थेलमिक असिस्टेंट के पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया चला रहा है। इससे आंखों से जुड़ी जांच और उपचार सेवाओं को गति मिलेगी, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में।
हालांकि, पिछली संविदा भर्तियों में यह देखा गया था कि कई चयनित अभ्यर्थी कम वेतन और अनुबंध की अनिश्चितता के कारण योगदान नहीं कर पाए थे। इस बार विभाग ने प्रयास किया है कि नियुक्ति प्रक्रिया अधिक व्यावहारिक हो, ताकि अधिकतम चयनित अभ्यर्थी वास्तव में सेवाएं दें।
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि इन नई नियुक्तियों के माध्यम से पूरे राज्य की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत किया जाए और आम जनता को समय पर, बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। यह भर्ती बिहार के स्वास्थ्य ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
Report By : Brajesh Kumar Gaurav
