Rohtas: राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश, काराकाट अंचल पर विशेष नजर
रोहतास जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) के साथ राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता (एडीएम) सह राजस्व प्रभारी जफर हसन भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अंचलवार लंबित राजस्व मामलों की गहन समीक्षा की और सभी अंचल अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व मामलों में अनावश्यक देरी से आम जनता को परेशानी होती है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समीक्षा के क्रम में काराकाट अंचल में लंबित मामलों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने काराकाट के अंचल अधिकारी को विशेष अभियान चलाकर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि काराकाट अंचल की प्रगति पर जिला स्तर से नियमित एवं कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
जिलाधिकारी ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी सुधार, भूमि विवाद एवं अन्य राजस्व कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व कार्यों का निष्पादन नियमों के अनुरूप और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए, ताकि आम जनता का विश्वास प्रशासन पर बना रहे।
बैठक में उपस्थिति व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले, अनुमंडल, प्रखंड और अंचल स्तर के सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अनिवार्य रूप से बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराएं। उपस्थिति में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में अनुशासन, जवाबदेही और पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है। आगामी समीक्षा बैठकों में कार्यों की प्रगति की पुनः समीक्षा की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन, प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने पर विशेष बल दिया गया।
Report By : Brajesh Kumar Gaurav
