रोहतास:
जिले में अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया को गति देते हुए जिलाधिकारी रोहतास की अध्यक्षता में जिला अनुकम्पा समिति एवं जिला चयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मृत सरकारी कर्मियों के आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति देने से जुड़े कुल 18 मामलों का निष्पादन किया गया।
इसके अलावा, विभिन्न विभागों में संविदा आधारित नियोजन एवं संविदा अवधि विस्तार से संबंधित 15 मामलों पर भी निर्णय लिया गया। जिला प्रशासन ने सभी मामलों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया।
बैठक में अपर समाहर्त्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, स्थापना उप समाहर्त्ता, असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अनुकम्पा नियुक्ति के मामलों में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जा रही है, ताकि पात्र आश्रितों को समय पर लाभ मिल सके।
Report By : Brajesh Kumar Gaurav


